रायपुर में दिल्ली के शाहीन बाग की तर्ज पर जनचौपाल

रायपुर। राजधानी के हृदय स्थल जयस्तंभ चौक में विभिन्न संगठनों के कार्यकर्ताओं सहित बड़ी संख्या में छात्र और आम लोग जुटते हैं। दिल्ली में 5 जनवरी को जेएनयू छात्रों पर हुए हमले के विरोध से आरंभ हुई यह जनचौपाल ‘हम भारत के लोग’ लगातार बदस्तूर जारी है। यह रायपुर के शाहीन बाग के नाम से प्रसिद्ध हो रहा है।
ठंड की परवाह नहीं
इस कड़कड़ाती ठंड की परवाह किए बगैर रोज बड़ी तादाद में महिलाएं, बुजुर्ग, जवान हर उम्र के लोग रात 9:30 बजे से दिल्ली के शाहीन बाग की तर्ज पर जुटने लगते हैं।
आम जनता का खुला मंच
यहां आम लोग देश की मौजूदा परिस्थितियों और विषयों पर अपनी बात रखते है। लोग विभिन्न विषयों पर अपनी बातें, गीत, कविताएं प्रस्तुत करते हैं।
गांधीवादी तरीके से विरोध
केन्द्र सरकार की नीतियों को लेकर यह गांधीवादी तरीके से विरोध किया जा रहा है। जिसमें आर्थिक नीतियां, एनआरसी, एनपीए, एनपीआर, छात्रों पर हमले, धार्मिक तुष्टीकरण, बेरोजगारी व संविधान से छेड़छाड़ जैसे ज्वलंत मुद्दों पर बातें होती है।
भारतीय एकता की मिसाल
यहां सभी धर्मों, संगठनों, आयु वर्ग के लोग एकजुटता के साथ संवैधानिक तरीक़े से इकट्ठा होकर भारत की एकता और अखंडता की मिसाल पेश करते हैं। भारत के संविधान, भारतीय लोकतंत्र, देश की एकता और अखंडता के लिए चर्चा होती है।